Loading...
अभी-अभी:

मध्य प्रदेश के पहले छठ मैया मंदिर का भोपाल में भव्य लोकार्पण

image

Oct 27, 2025

मध्य प्रदेश के पहले छठ मैया मंदिर का भोपाल में भव्य लोकार्पण

कविता पाण्डेय भोपाल : भोपाल में भोजपुरी समाज के लिए इस साल का छठ पर्व एक ऐतिहासिक और विशेष आयोजन बन गया है। लिंक रोड नंबर 3 स्थित 5 नंबर छठ घाट पार्क में मध्य प्रदेश के पहले छठ मैया मंदिर का लोकार्पण कर दिया गया है, जहां कई वर्षों से श्रद्धालु छठ का अर्घ्य देते आ रहे हैं। इस मंदिर में सूर्य रूप में विराजित छठ मैया की प्रतिमा आस्था का नया केंद्र बनेगी।

 तीन प्रयासों में पूर्ण हुई मूर्ति

मंदिर की सबसे खास बात है छठ मैया की भव्य प्रतिमा, जिसे बनाने का सफर बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। जयपुर के राज्य सम्मानित कलाकारों ने मकराना संगमरमर से इस प्रतिमा को तराशा है। 16 टन वजनी पत्थर से मूर्ति निर्माण के दौरान दो बार पत्थर बीच में ही टूट गया। आखिरकार 8-8 टन के दो ब्लॉक्स पर बारीक नक्काशी का काम तीसरे प्रयास में सफल रहा और यह प्रतिमा पूर्ण रूप ले सकी।

 सूर्य देव के रथ पर आरूढ़ स्वरूप

यह प्रतिमा 6 फीट लंबी, 4 फीट चौड़ी और 5 फीट ऊंची है। इसे छठ मैया के एक दुर्लभ स्वरूप में उकेरा गया है, जहां वे सूर्य देव के सात घोड़ों वाले रथ पर आरूढ़ हैं। इस कलात्मक कृति को 10 से अधिक कलाकारों ने तीन महीने की सतत मेहनत से तैयार किया और इस पर लगभग साढ़े चार लाख रुपये का खर्च आया।

 आस्था के नए प्रतीक का उदय

छठ मैया की पूजा परंपरागत रूप से निराकार रूप में की जाती है। इस मंदिर की विशेषता यह है कि इसमें पहली बार छठ मैया को सूर्य भगवान के स्वरूप में एक मूर्त रूप दिया गया है। माना जा रहा है कि यह मंदिर न केवल भोपाल, बल्कि पूरे मध्य प्रदेश में आस्था और सांस्कृतिक गर्व का नया केंद्र बनेगा।

 

Report By:
Monika