Loading...
अभी-अभी:

नर्मदा के रौद्र रूप ने बढ़ाई चिंता, 65 गांव हाई अलर्ट पर

image

Jul 27, 2025

नर्मदा के रौद्र रूप ने बढ़ाई चिंता, 65 गांव हाई अलर्ट पर

मध्य प्रदेश में नर्मदा नदी के उफान ने बड़वानी और आसपास के क्षेत्रों में हड़कंप मचा दिया है। भारी बारिश और बांधों से पानी छोड़े जाने के कारण नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। इंदिरा सागर और ओंकारेश्वर बांधों के गेट खोलने से बड़वानी जिले के 65 गांवों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी कर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है। निचले इलाकों में मुनादी और हूटर के जरिए चेतावनी दी जा रही है।

बांधों से पानी छोड़ा, बढ़ा खतरा

जबलपुर के बरगी बांध से पानी छोड़े जाने के बाद इंदिरा सागर और ओंकारेश्वर बांधों पर दबाव बढ़ गया। इंदिरा सागर बांध का जलस्तर 258.73 मीटर पहुंच गया है, जो इसके फुल टैंक लेवल 262.13 मीटर से थोड़ा कम है। वहीं, ओंकारेश्वर बांध का जलस्तर 194.85 मीटर हो गया है, जो 196.60 मीटर की पूर्ण क्षमता के करीब है। इसके चलते इंदिरा सागर के 12 गेट और ओंकारेश्वर के 9 गेट खोल दिए गए हैं।

तेजी से बढ़ रहा जलस्तर

इंदिरा सागर से 3460 क्यूसेक और ओंकारेश्वर से 3510 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इससे नर्मदा नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। बड़वानी में सरदार सरोवर बांध का बैकवॉटर 65 गांवों को प्रभावित कर सकता है। प्रशासन ने नावों पर प्रतिबंध लगाया और घाटों पर सुरक्षा बढ़ा दी है। अगले 48 घंटों तक बड़वानी ऑरेंज जोन में रहेगा।

लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता

प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए राहत कार्य शुरू कर दिए हैं। आपदा प्रबंधन टीमें और स्थानीय अधिकारी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।

Report By:
Monika