Nov 13, 2025
भोपाल: मॉडल खुशबू की संदिग्ध मौत में नया खुलासा, आधार पर बुर्का तस्वीर और हिजाब बरामद
विवेक शर्मा भोपाल। 27 वर्षीय मॉडल खुशबू अहिरवार की रहस्यमय मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। उसके लिव-इन पार्टनर कासिम अहमद को गिरफ्तार कर लिया गया है। फ्लैट की तलाशी में खुशबू का आधार कार्ड मिला, जिसमें वह बुर्का पहने नजर आ रही है। बैग से हिजाब भी बरामद हुआ, जिससे सवाल उठ रहे हैं कि क्या कासिम ने उसे जबरन मुस्लिम बनाने की कोशिश की। पोस्टमॉर्टम में गर्भावस्था संबंधी जटिलताओं से मौत की पुष्टि हुई, लेकिन परिवार मारपीट का आरोप लगा रहा है।
परिवार के गंभीर आरोप
खुशबू का परिवार सागर जिले के रहने वाला है। उन्होंने बताया कि कासिम ने खुद को राहुल बताकर दोस्ती की और बाद में असली नाम खोला। धर्म परिवर्तन और शादी का दबाव बनाया। जब खुशबू ने इनकार किया, तो कासिम ने मारपीट शुरू कर दी। मां लक्ष्मी अहिरवार ने कहा कि शव पर चोट के निशान थे। बहन तारा ने बताया कि 8 नवंबर को खुशबू ने फोन पर कहा था कि कासिम उसे जबरन उज्जैन ले जा रहा है। अगले दिन मौत की खबर मिली।
घटना का विवरण
खुशबू 2022 से भोपाल में पढ़ाई और मॉडलिंग कर रही थी। इंस्टाग्राम पर @DiamondGirl के नाम से प्रसिद्ध थी। 9 नवंबर को उज्जैन से लौटते समय बस में उसकी हालत बिगड़ी। कासिम ने भोपाल के चिरायु अस्पताल में शव छोड़कर भाग गया। पोस्टमॉर्टम में कोई बाहरी चोट नहीं मिली, लेकिन विसेरा जांच चल रही है। कासिम ने आरोपों से इनकार किया है।
पुलिस जांच और कार्रवाई
पुलिस ने कासिम पर बीएनएस की धाराएं 296, 115(2), 351(2), धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम 2021 की धारा 3(5) और एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया। फ्लैट रिक्रिएशन से आधार कार्ड की फोटो बदलने का खुलासा हुआ। कासिम का आपराधिक इतिहास है, जिसमें अवैध शराब का मामला शामिल है। परिवार ने लव जिहाद का कोण जोड़ा।








