Loading...
अभी-अभी:

कुबेरेश्वर धाम में भगदड़: दो महिला श्रद्धालुओं की मौत, कई घायल

image

Aug 5, 2025

कुबेरेश्वर धाम में भगदड़: दो महिला श्रद्धालुओं की मौत, कई घायल

 मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में स्थित कुबेरेश्वर धाम में मंगलवार (5 अगस्त) को कांवड़ यात्रा की पूर्व संध्या पर भारी भीड़ के कारण भगदड़ मच गई। इस हादसे में दो महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य की हालत गंभीर है। अत्यधिक गर्मी और घबराहट के चलते कई श्रद्धालु बेहोश हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तत्काल कदम उठाए।

भगदड़ का कारण और हादसा:

कुबेरेश्वर धाम में 6 अगस्त को कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा की अगुवाई में भव्य कांवड़ यात्रा प्रस्तावित है। इस यात्रा में शामिल होने के लिए देशभर से हजारों श्रद्धालु सीहोर पहुंचे थे। मंगलवार दोपहर को बढ़ती भीड़, गर्मी और उमस के कारण मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान कई श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ी। दो महिलाओं को गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मृत्यु हो गई। मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।

अस्पताल में स्थिति और प्रशासन की कार्रवाई:

हादसे के बाद 8 से 10 अन्य श्रद्धालुओं को चक्कर और घबराहट की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, गर्मी और भीड़ में घुटन के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई। प्रशासन ने घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया है। हालांकि, इस घटना की आधिकारिक पुष्टि अभी तक प्रशासन की ओर से नहीं की गई है।

पंडित प्रदीप मिश्रा और कुबेरेश्वर धाम:

पंडित प्रदीप मिश्रा एक प्रसिद्ध कथावाचक हैं, जिनकी कथाओं में लाखों श्रद्धालु शामिल होते हैं। सीहोर का कुबेरेश्वर धाम उनका गृहनगर है, जहां शिव मंदिर में रोजाना भक्तों का तांता लगा रहता है। सावन के महीने में यह संख्या और बढ़ जाती है। कांवड़ यात्रा के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण इंदौर-भोपाल हाईवे पर भी जाम की स्थिति बनी हुई है।

Report By:
Monika