Loading...
अभी-अभी:

रतलाम : अकेली रहने वाली रिटायर्ड शिक्षिका की गला रेतकर निर्मम हत्या, बाथरूम में मिली खून से सनी लाश

image

Nov 24, 2025

रतलाम : अकेली रहने वाली रिटायर्ड शिक्षिका की गला रेतकर निर्मम हत्या, बाथरूम में मिली खून से सनी लाश

अमित निगम रतलाम। औद्योगिक थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुरा मीराकुटी में 70 वर्षीय रिटायर्ड शिक्षिका सरला धनेटवाल की सोमवार सुबह बेरहमी से हत्या कर दी गई। उनका खून से लथपथ शव घर के बाथरूम में मिला। उसी दिन उन्हें उज्जैन एक शादी में जाना था, लेकिन सुबह से फोन बंद आने पर परिजनों ने दरवाजा खुलवाया तो खौफनाक मंजर सामने आया।

शादी में जाना था, फोन बंद मिला तो खुला राज

सुबह सरला के भाई राजेंद्र जायसवाल ने उन्हें फोन किया, लेकिन फोन बंद था। भाभी ललिता घर पहुंचीं तो कोई जवाब नहीं मिला। देवर ने दरवाजा खुलवाया तो घर का सामान बिखरा पड़ा था और बाथरूम में दीवार से सटी सरला की गर्दन कटी लाश मिली।

घर में अकेली रहती थीं, पति का पहले हो चुका निधन

सरला धनेटवाल के पति का कई साल पहले निधन हो चुका था। वह अकेली रहती थीं। पुलिस को संदेह है कि चोरी-लूट के इरादे से रात में कोई घर में घुसा और विरोध करने पर गला रेत दिया।

पीछे के रास्ते से घुसे होंगे हत्यारे

पुलिस का अनुमान है कि हमलावर घर के पीछे वाले रास्ते से अंदर दाखिल हुए। परिचित व्यक्ति की भूमिका से भी इनकार नहीं किया जा रहा। पूरे इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

एसपी ने बनाई SIT, आरोपी जल्द पकड़े जाएंगे

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी अमित कुमार ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और त्वरित कार्रवाई के लिए विशेष जांच दल (SIT) गठित कर दिया। एसपी ने कहा, “हर कोण से जांच हो रही है, जल्द ही हत्यारे कानून के शिकंजे में होंगे।”

इलाके में दहशत, लोगों में गुस्सा

घटना के बाद पूरे मोहल्ले में दहशत है। लोग बुजुर्गों के अकेले रहने को लेकर चिंतित हैं। भीड़ जमा हो गई और पुलिस से जल्द गिरफ्तारी की मांग की जा रही है।

 

Report By:
Monika