Jul 29, 2025
मध्य प्रदेश विधानसभा मानसून सत्र: हंगामा, प्रदर्शन और लाडली बहना योजना पर सवाल
मध्य प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन हंगामेदार शुरुआत हुई। अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने प्रश्नकाल को नए और महिला विधायकों को समर्पित किया। सत्र शुरू होते ही लाडली बहना योजना और किसानों के मुद्दों पर विपक्ष ने सरकार को घेरा। कांग्रेस विधायकों ने भैंस के आगे बीन बजाकर सांकेतिक प्रदर्शन किया, जबकि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विपक्ष पर मर्यादा भंग करने का आरोप लगाया।
लाडली बहना योजना में भ्रष्टाचार का आरोप
लाडली बहना योजना के कैलेंडर वितरण में भ्रष्टाचार का मुद्दा उठा। बालाघाट की विधायक अनुभा मुंजारे ने सवाल किया कि 3,61,832 में से 1,64,000 कैलेंडर का वितरण क्यों नहीं हुआ। मंत्री निर्मला भूरिया ने जवाब दिया कि जांच चल रही है और दोषियों पर कार्रवाई होगी। पूर्व मंत्री बाला बच्चन ने मुख्यमंत्री से जवाब मांगा, आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के विभाग से अधूरी जानकारी दी जा रही है।
कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, सीएम का तंज
किसानों को खाद की कमी के मुद्दे पर कांग्रेस ने विधानसभा के बाहर अनोखा प्रदर्शन किया। दो विधायकों को सांकेतिक रूप से भैंस बनाकर भैंस के आगे बीन बजाई गई। विपक्ष ने कहा कि सरकार किसानों की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है। जवाब में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तंज कसते हुए कहा कि विपक्ष कभी भैंस, कभी गिरगिट लाता है, लेकिन चुने हुए प्रतिनिधियों को मर्यादा बनाए रखनी चाहिए।