Sep 20, 2016
भोपाल। समन्वय भवन में आयोजित भारतीय किसान संघ की कार्यशाल में सीएम शिवराज सिंह चौहान ने खेती को लाभ का धंधा बनाने के लिए तैयार किए गए ब्लू प्रिंट पर चर्चा की। साथ ही रोजगार युक्त ग्राम की पहल की तारीफ करते हुए सरकार से हर संभव किसान को मदद देने का भरोसा दिलाया। इस दौरान सीएम शिवराज सिंह ने कहा कि, मैं भी किसान हूं और मुझे भी सब्जी की खेती में नुकसान हुआ, लेकिन फूलों की खेती में जरूर फायदा हुआ। खेती को लाभ का धंधा बनाने के लिए किसान संघ के विचारों पर काम किया जाएगा। साथ ही बिचौलियों से किसानों को बचाने के लिए अलग से हाट बनाने पर विचार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकार की मदद से जैविक मेला का आयोजन होगा। इस मेले में किसानों को जैविक खेती की ट्रेनिंग भी दी जायेगी। सीएम शिवराज सिंह ने यह भी कहा कि किसान संघ के साथ सरकार मिलकर काम करेगी। किसानों के लिए खेती के साथ लघु और कुटीर उद्योग का जाल भी बिछाना पड़ेगा। सरकार ने खेती को लाभ का धंधा बनाने के लिए ब्लू प्रिंट तैयार किया और किसान संघ के साथ ब्लू प्रिंट को साझा कर उसे लागू किया जाएगा। किसान संघ राष्ट्रीय संगठन मंत्री दिनेश कुलकर्णी ने मांग की है कि, दूध का भी समर्थन मूल्य तय किया जाए. साथ ही सरकार खेती के साथ किसानों के लिए स्थानीय उद्योगों के लिए भी मदद करे. खेती से पैदा होने वाली फसलों का बड़ी कंपनियों से ज्यादा किसानों को ही फायदा मिले।