Sep 16, 2016
कवर्धा। सहसपुर लोहरा ब्लॉक ग्राम पेंड्री कला में एक परिवार को जान से मारने का मामला सामने आया है। गांव में ही रहने वाले जयपाल उर्फ पाल कौशिक ने अवैध शराब के खिलाफ शिकायत करने पर गांव के तिरथराम के पूरे परिवार को जाने से मारने की कोशिश की। जानकारी के अनुसार जयपाल ने बाहर से आठ दबंगो को बुलाकर तिरथराम के परिवार के साथ मारपीट करने के बाद उनके ऊपर मिट्टी का तेल डालकर जान से मारने की कोशिश की। दंबगो ने घर की महिलाओं के साथ भी अभद्रता की। हमले में परिवार के एक सदस्य रामवतार कौशिक गंभीर रूप से घायल हो गए। गांव वालों ने पीड़ित परिवार को लोहारा अस्पताल में भर्ती करा दिया है। डॉक्टर के मुताबिक घायल परिवार सदस्यों में एक की हालत गंभीर है तथा चार लोगो का स्थिति समान्य बताई जा रही है। परिवार ने मामले की एफआईआर पुलिस थाने में दर्ज करा दी है। पुलिस ने गांव से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।