Nov 8, 2025
शिक्षक की सड़क दुर्घटना में मौत, आरोपी एएसआई निलंबित
एस.एस. कच्छवा नीमच संवाददाता । एक सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) द्वारा शराब के नशे में वाहन चलाने के कारण हुई सड़क दुर्घटना में एक शिक्षक की मौत ने जिले में गुस्से की लहर पैदा कर दी है। इस दुर्घटना में शिक्षक दशरथ सिंह की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी ललिता बाई और दोनों बच्चों सहित चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पीड़ित परिवार और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा।
न्याय की मांग को जाम का रूप
गुस्साए परिजनोंऔर ग्रामीणों ने नीमच-हाईवे और जावद मार्ग पर चक्काजाम लगाकर यातायात को ठप कर दिया। उनकी मुख्य मांगें आरोपी एएसआई मनोज यादव के खिलाफ सख्त कार्रवाई, मृतक की पत्नी ललिता बाई को सरकारी नौकरी और परिवार को 1 करोड़ रुपये का मुआवजा देना था। इस जाम के चलते सैकड़ों वाहनों को लंबे समय तक प्रतीक्षा करनी पड़ी।
पुलिस प्रशासन ने दिखाई तेजी
जनाक्रोश कोदेखते हुए पुलिस प्रशासन ने त्वरित कार्यवाही की। नीमच के पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने आरोपी एएसआई मनोज यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही, घटना के संबंध में कैंट पुलिस थाने में घायल भोपाल सिंह की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। अब पीड़ित परिवार को न्याय और प्रशासन द्वारा घोषित मुआवजे का इंतजार है।







