Sep 16, 2016
भोपाल। प्रदेश की राजधानी में एक छात्रा की चौथी मंजिल से गिरकर मौत हो जाने के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस जानकारी के मुताबिक छात्रा से हादसा नहीं हुआ बल्कि उसकी हत्या की गई है। हत्या करने वाला युवती का पड़ोसी है। पुलिस ने पड़ोसी सुनील पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है। दरअसल, 20 वर्षीय पूनम गौतम अपने भाई जगपति के साथ कृष्णापुरम कलोनी में रहती थी। मृतक सीधी की रहने वाली है। घटना के बाद माना जा रहा था कि उसकी छत से गिरकर मौत हुई है। लेकिन जांच में पता चला है कि लड़की की हत्या कर उसकों छत से फेंका गया था।
पुलिस जानकारी के मुताबिक शव के हाथ और गले पर खरोंच के निशान थे। जिससे पुलिस को हत्या करने का शक हो रहा था। पुलिस ने गायब सुनील के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मानना है कि आरोपी ने छात्रा से जबरदस्ती करने की कोशिश की होगी। जिसका विरोध करने पर उसने उसकी हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस पड़ोसी पर हत्या का केस दर्ज कर, आरोपी की तलाश में जुट गई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टी
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि उसकी गला घोंटकर हत्या की गई थी। जिसके बाद वारदात को दुर्घटना का रूप देने के लिए शव छत से नीचे फेंक दिया गया। पुलिस ने जांच के दौरान आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर पता चला कि छात्रा की मौत के बाद से उसका पड़ोसी 26 वर्षीय सुनील माथुर गायब है। जब जांच आगे बढ़ाई तो हत्यारे का खुलासा हुआ।
संभावित वारदात
जानकारी के अनुसार पुलिस को पूछताछ में पता चला कि घटना वाले दिन सुनील ने बहुत शराब पी रखी थी और अपनी पत्नी से लड़कर नशे की हालत में छत पर चला गया था। लेकिन उसके बाद देर तक वो जब वापस नहीं लौटा तो पत्नी छत पर गई। लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद वो पड़ोसी के साथ मकान मालिक के पास मदद मांगने गई। लेकिन तब तक सुनील वापस नीचे आ गया। कुछ ही देर बाद सबकी नजर पूनम के शव पर पड़ी। जिसकी सूचना पुलिस को दे दी गई। पुलिस का मानना है कि दरवाजा बंद रहने के दौरान ही सुनील ने वारदात को अंजाम दिया होगा।