Sep 16, 2016
जशपुर। पत्थलगांव, कोतबा नगर पंचायत आरटीआई की जानकारी को लेकर हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक बार फिर कोतबा नगर पंचायत जानकारी न देने पर सवालों के घेरे में आ गया है। सूचना के अधिकार के तहत जानकारी के नाम पर कार्यकर्ता को लिफाफे में बंद कोरा कागज मिला है।
दरअसल, आरटीआई कार्यकर्ता ने नगर पंचायत में चल रहे कार्यों और लिपीक की नियुक्ति को लेकर जानकारी मांगी थी। उसके बाद जन सूचना अधिकारी ने उन्हें डाक से जानकारी देने की बात कही। कुछ दिनों बाद आरटीआई कार्यकर्ता को डाक के माध्यम से जो दस्तावेज मिला वो किसी मजाक से कम नही था। कार्यकर्ता का आरोप है कि जो दस्तावेज मिला है वो पूरा कोरा कागज है। इसके बाद जनसूचना अधिकारी ने इस आरोप को सिरे से खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि सभी दस्तावेज सही भेजे हैं।